देश

तापमान में लगातार वृद्धि से झारखंड में हीट वेव का बढ़ा खतरा

रांची । झारखंड के तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। दोपहर में अब बाहर निकलना मुश्किल होने लगा है। तेज धूप और बढ़ती गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ाने लगी है। कई जिलों में अब हीट वेव के हालात उत्पन्न हो रहे हैं। स्कूल से छुट्टी के बाद दोपहर को घर वापस लौटना अब बच्चों के लिए भी मुश्किल होने लगा है। सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक गर्मी और चिलचिलाती धूप अब लोगों को परेशान करने लगी है। अगले दो से चार दिनों में झारखंड का तापमान चार से पांच डिग्री बढ़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार अभी गर्मी से किसी तरह की राहत नहीं मिलेगी।

मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ अभिषेक आनंद ने बुधवार को बताया कि अगले तीन से चार दिनों में ही रांची का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। अभी रांची का तापमान लगभग 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। जमशेदपुर में अभी तापमान में और बढ़त होने की संभावना है। इस वक्त यहां का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेसि के आसपास है।

मौसम विभाग ने कहा है कि अभी तापमान में बढ़त जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि 13 अप्रैल को राज्य में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाये रह सकते हैं। अगले कुछ दिनों तक तापमान लगातार बढ़ने का अनुमान है। इससे स्वास्थ्य पर भी असर पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button