उत्तराखंडहरिद्वार

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026: शांतिकुंज साधकों ने हरिद्वार के पंतद्वीप में चलाया स्वच्छता अभियान

जन एक्सप्रेस / हरिद्वार: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योगाभ्यास के साथ शांतिकुंज के सैकड़ों साधकों ने हर की पौड़ी के निकट स्थित पंतद्वीप में वृहद स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। योग दिवस के कार्यक्रमों के बाद बड़ी संख्या में साधक पंतद्वीप पहुंचे और वहां फैले कूड़े-कचरे की सफाई कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।

यह अभियान शांतिकुंज के युवा प्रतिनिधि डॉ. चिन्मय पण्ड्या के निर्देशन में आयोजित किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व भी योग के मूल उद्देश्यों का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्होंने लोगों से योग के साथ स्वच्छता को भी अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की।

गौरतलब है कि हाल ही में सोमवती अमावस्या के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने से पंतद्वीप क्षेत्र में काफी मात्रा में कूड़ा-कचरा जमा हो गया था। इसे देखते हुए गायत्री परिवार के साधकों ने सामूहिक रूप से सफाई अभियान चलाया।

अभियान के दौरान साधकों ने प्लास्टिक, कागज, कपड़े और अन्य प्रकार के अपशिष्ट पदार्थों को अलग-अलग एकत्रित कर निर्धारित स्थानों पर पहुंचाया। साथ ही स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील भी की।

शांतिकुंज एवं देवसंस्कृति विश्वविद्यालय परिवार समय-समय पर इस प्रकार के सेवा और जनजागरूकता अभियान चलाता रहा है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित यह अभियान भी योग के साथ सामाजिक सेवा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने का एक महत्वपूर्ण प्रयास रहा।

अभियान के समापन पर प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए वाहनों के माध्यम से एकत्रित कूड़े-कचरे का सुरक्षित निस्तारण कराया गया। इस अवसर पर साधकों ने स्वच्छता को सेवा, साधना और राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराया। अभियान में बड़ी संख्या में युवा, महिला एवं वरिष्ठ साधकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button