utrakhandउत्तरकाशी

कांवड़ यात्रा-2026: उत्तरकाशी में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, 24×7 मिल रही चिकित्सा सुविधा

जन एक्सप्रेस /उत्तरकाशी :-  सावन के दौरान हरिद्वार से गंगोत्री तक पहुंचने वाले हजारों कांवड़ श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए उत्तरकाशी स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक चिकित्सा इंतजाम किए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्याम विजय के दिशा-निर्देशन में पूरे कांवड़ यात्रा मार्ग पर 24×7 चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, गंगोत्री से नगुण तक पूरे कांवड़ यात्रा मार्ग पर 8 मोबाइल स्वास्थ्य वैन/एम्बुलेंस चिकित्सा टीमों के साथ तैनात की गई हैं। ये टीमें यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार, आकस्मिक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के साथ जरूरत पड़ने पर उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने का काम कर रही हैं।

हीना और बड़कोट दोबाटा में स्वास्थ्य स्क्रीनिंग केंद्र

कांवड़ यात्रियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए यात्रा मार्ग पर हीना और बड़कोट दोबाटा में विशेष स्वास्थ्य स्क्रीनिंग केंद्र बनाए गए हैं। यहां श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य जांच की जा रही है और आवश्यकता के अनुसार चिकित्सकीय परामर्श भी दिया जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से यात्रा मार्ग पर तैनात चिकित्सा टीमों को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग लगातार यात्रा मार्ग की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

श्रद्धालुओं से सावधानी बरतने की अपील

सीएमओ डॉ. श्याम विजय ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की सभी टीमें 24×7 सेवाभाव के साथ तैनात हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में कांवड़ यात्रियों को समय पर चिकित्सा सहायता मिल सके।

उन्होंने सभी कांवड़ यात्रियों से अपील की कि यात्रा के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, मौसम के अनुसार सावधानी बरतें और किसी भी प्रकार की अस्वस्थता महसूस होने पर तुरंत निकटतम स्वास्थ्य केंद्र या मोबाइल चिकित्सा टीम से संपर्क करें।

स्वास्थ्य विभाग के इन इंतजामों से गंगोत्री धाम की ओर जाने वाले कांवड़ श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान आवश्यक चिकित्सा सुविधा मिलने की उम्मीद है।

चंद्रप्रकाश बहुगुणा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button