देश

मुख्यमंत्री गहलोत समेत कई नेता बुधवार को पहुंचेंगे बांसवाड़ा के मानगढ़ धाम

जयपुर । विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर 9 अगस्त को बांसवाड़ा के मानगढ़ धाम पर प्रस्तावित कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की जनसभा के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बुधवार को उदयपुर होते हुए बांसवाड़ा पहुंचेंगे।

प्रस्तावित कार्यक्रमानुसार मुख्यमंत्री गहलोत बुधवार सवेरे साढ़े नौ बजे जयपुर से हैलिकॉप्टर में उड़ान भरकर साढ़े दस बजे उदयपुर के डबोक एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे सवा ग्यारह बजे रवाना होकर 12 बजे बांसवाड़ा के मानगढ़ धाम पहुंचेंगे। यहां विश्व आदिवासी दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री शाम 4 बजे रवाना होकर उदयपुर के डबोक एयरपोर्ट होते हुए शाम 6 बजे जयपुर पहुंचेंगे।

केंद्रीय आला नेताओं के अतिरिक्त मानगढ़ धाम पर होने वाली सभा में प्रदेश के कई मंत्री व नेता सम्मिलित होंगे। कांग्रेस के राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, राष्ट्रीय सचिव निजामुद्दीन काजी बांसवाड़ा में डेरा डाले हुए हैं। पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी मंगलवार को बांसवाड़ा पहुंचेंगे। मानगढ़ सभा की तैयारियों में जल संसाधन मंत्री महेंद्रजीतसिंह मालवीया, जनजाति विकास राज्यमंत्री अर्जुनसिंह बामनिया, जिलाध्यक्ष रमेशचंद्र पंड्या के नेतृत्व में पूरी पार्टी जुटी है। कांग्रेस ने खुद को आदिवासियों का हितचिंतक बताया है। ऐसे में राजस्थान व मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा और अन्य दलों को पटकनी देने और परम्परागत आदिवासी वोट बैंक को बनाए रखने के लिए इस सभा के लिए कांग्रेस पूरा जोर लगा रही है।

कांग्रेस की नजर बांसवाड़ा और उदयपुर संभाग की सभी आरक्षित सीट और मध्य प्रदेश की 12 आरक्षित सीट पर है। प्रदेश में सरकार बनाने में वागड़-मेवाड़ की सीटों की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जाती रही है। मुख्यमंत्री भी लगातार वागड़ अंचल के दौरे पर भी रहे हैं। हालांकि पिछले कुछ वर्षों में अन्य पार्टियों ने कांग्रेस के वोटबैंक में सेंध जरूर लगाई है। गत विधानसभा चुनाव में बांसवाड़ा-डूंगरपुर की 9 विधानसभा में से कांग्रेस 3 सीट जीत पाई थी। राज्य सरकार की ओर से बांसवाड़ा को संभाग बनाने से इसमें प्रतापगढ़ जिला भी जुड़ गया है। ऐसे में बांसवाड़ा संभाग की 11 सीटों में से अभी कांग्रेस पांच पर काबिज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button