utrakhandउत्तरकाशीटिहरीटॉप न्यूज़ट्रेंडिंगनई टिहरीराजनीतिराज्य खबरें

नई टिहरी सरस्वती विद्या मंदिर में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’, 150 से अधिक युवाओं ने लिया संकल्प

जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और नशा मुक्त समाज के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से माई भारत द्वारा सरस्वती विद्या मंदिर, नई टिहरी में जिला स्तरीय ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से 150 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत जिला युवा अधिकारी आशीष पंत ने अभियान की प्रस्तावना के साथ की। उन्होंने नशा मुक्त भारत अभियान के उद्देश्य बताते हुए युवाओं से समाज में जागरूकता फैलाने और अभियान से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का आह्वान किया।

इस अवसर पर युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए चित्रकला, काव्य पाठ, रील मेकिंग, समूह नृत्य, समूह गायन, नुक्कड़ नाटक, स्लोगन लेखन और भाषण प्रतियोगिता सहित कुल आठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों पर प्रभावी संदेश दिया और नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दोहराया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने युवाओं से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा को सकारात्मक और रचनात्मक गतिविधियों में लगाकर समाज में बदलाव ला सकते हैं।

विशिष्ट अतिथि एवं ब्लॉक प्रमुख जाखणीधार राजेश नौटियाल ने नशे के सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से कला, साहित्य, खेल और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में सरस्वती विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य बी.डी. कुनियाल, वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शंकर लाल, एनएसएस अधिकारी पी.सी. उनियाल, माई भारत टिहरी गढ़वाल की टीम, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

समापन समारोह में आठों प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जनपद टिहरी गढ़वाल का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कार्यक्रम के अंत में सभी युवाओं और अतिथियों ने नशा मुक्त भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लेते हुए शपथ ग्रहण की।

रिपोर्टर :-  JOT SINGH BAIGIYAL

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button