शहर में गन्दगी मिलने पर सम्बन्धित के खिलाफ कार्यवाही अमल में लायी जायेगी- डीएम

जन एक्सप्रेस/महोबा: नगर पालिका नगर की सफाई व्यवस्था एक सप्ताह के अन्दर दुरूस्त करें। नगर के प्रमुख चौराहों की समुचित साफ-सफाई नियमित रूप से कराना सुनिश्चित करें। ड्यूटी में अनुपस्थित मिलने पर कर्मचारियों के विरूद्ध कार्यवाही अमल में लायी जाये। उक्त बात नगर की सफाई व्यवस्था को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान जिलाधिकारी गज़ल़ भारद्वाज ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को निर्देशित करते हुए कहा कि सफाई व्यवस्था का रोस्टर तैयार कराया जाने और उसके आधार पर सफाई कर्मचारियों का पर्यवेक्षण किया जाये। जिलाधिकारी ने सफाई कार्य के पर्यवेक्षण में लगाये गये विभिन्न विभागों के अवर अभियन्ताओं को निर्देशित किया कि प्रतिदिन 7 बजे क्षेत्र में निकलकर सफाई व्यवस्था की निगरानी करें और अनुपस्थित मिलने पर सफाई कर्मचारियों के विरूद्ध कार्यवाही करें। जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि नगर के सरकारी स्कूलों के आसपास, सरकारी कार्यालयों, कांशीराम कालोनी क्षेत्र में के आसपास साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर रखें। गन्दगी मिलने पर सम्बन्धित के खिलाफ कार्यवाही अमल में लायी जायेगी। नव वर्ष के दृष्टिगत प्रत्येक वार्ड में जीपीवी स्थलों को समाप्त कराकर सुन्दरीकरण कराया जाये तथा वार्डो में व्यापक सफाई अभियान चलाकर सफाई करायी जाये। जिलाधिकारी ने दस दिन बाद पुनः नगर की सफाई व्यवस्था की समीक्षा बैठक करने की बात कही। बैठक में डिप्टी कलेक्टर आदेश सिंह सागर, तहसीलदार सदर दिवाकर मिश्रा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद अवधेश कुमार, एलबीए सुनील कुमार, सफाई पर्यवेक्षण कार्य में लगाये गये सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग, नगर पालिका, लघु सिंचाई विभाग के अवर अभियन्तागण, सफाईनायक, प्रभारी सफाईनायक एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।






