
जन एक्सप्रेस / पिथौरागढ़: जनपद में रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारम्भ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.एस. नबियाल के निर्देशन में किया गया। जिला महिला अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री गणेश भंडारी ने नन्हे बच्चों को “दो बूंद जिंदगी की” पिलाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अभियान के तहत जनपद के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 41,446 बच्चों को पोलियो निरोधक दवा की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए पूरे जिले में 632 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां स्वास्थ्य विभाग की टीमें बच्चों को पोलियो की दवा पिला रही हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.एस. नबियाल ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक पात्र बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाई जानी चाहिए। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर ले जाकर दवा अवश्य पिलाएं।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अर्चना कौशिक ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की सभी टीमें पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने के लिए बूथों के अलावा आवश्यकता पड़ने पर घर-घर जाकर भी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी, ताकि कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक दवा से वंचित न रहे।






