उत्तराखंडनैनीताल

हाईकोर्ट की सख्ती के बाद एक्शन में पुलिस प्रशासन

थानाध्यक्ष समेत छह पुलिसकर्मी दंडित, बेतालघाट गोलीकांड में सीओ का तबादला

जन एक्सप्रेस नैनीताल। जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के दौरान हुए अपहरण कांड और बेतालघाट फायरिंग मामले में उत्तराखंड हाईकोर्ट की सख्ती के बाद पुलिस महकमा हरकत में आ गया है। लापरवाही बरतने पर तल्लीताल थानाध्यक्ष रमेश सिंह बोहरा का तबादला कर दिया गया है, जबकि एक कांस्टेबल को निलंबित और अन्य तीन सुरक्षाकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है।

हाईकोर्ट की फटकार के बाद सख्त कदम

14 अगस्त की रात हुए जिला पंचायत सदस्यों के कथित अपहरण के मामले में अब तक छह मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। मामले में पहले ही एएसआई उदय सिंह राणा को निलंबित किया जा चुका था। अब तल्लीताल एसओ समेत कुल छह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जा चुकी है।

मूकदर्शक बने पुलिसकर्मी पर गिरी गाज

एसएसपी प्रह्लाद सिंह मीणा ने गुरुवार को बताया कि बवाल के दौरान निष्क्रिय रहने पर कांस्टेबल अमित चौहान को सस्पेंड किया गया है। इसके अलावा, एक पुरुष व एक महिला कांस्टेबल तथा एक अग्निशमनकर्मी को लाइन हाजिर किया गया है। साथ ही पीएसी कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए मुख्यालय को पत्र भेजा गया है।

बेतालघाट गोलीकांड में सीओ भवाली पर कार्रवाई

ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दिन बेतालघाट में हुई फायरिंग के मामले में भवाली के सीओ प्रमोद साह का तबादला कर उन्हें आईआरबी देहरादून भेजा गया है। इस कार्रवाई की सिफारिश निर्वाचन आयोग ने भी की थी।

कानून व्यवस्था पर कोई समझौता नहीं : एडीजी

एडीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा, और लापरवाह पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई होगी।

वीडियोग्राफी और सीसीटीवी फुटेज की जांच पूरी

हाईकोर्ट के निर्देश पर जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव की मतगणना प्रक्रिया की जांच गुरुवार को पूरी हुई। सात अधिवक्ताओं की टीम ने डीएम कार्यालय में करीब साढ़े तीन घंटे तक वीडियोग्राफी और सीसीटीवी फुटेज की जांच की।

रद्द मतपत्र में ओवरराइटिंग का आरोप

याचिकाकर्ता के अधिवक्ता ने कोर्ट को बताया कि अध्यक्ष पद के लिए 22 मत पड़े, जिसमें भाजपा प्रत्याशी दीपा दर्मवाल को 11, कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पा नेगी को 10 वोट मिले, जबकि एक मत रद्द हुआ। आरोप है कि इस मत में ‘1’ के ऊपर ओवरराइटिंग कर उसे ‘2’ किया गया, जिससे चुनाव परिणाम प्रभावित हुआ।

आज कोर्ट में पेश होगी जांच रिपोर्ट

जांच दल में याचिकाकर्ता, सरकार और राज्य निर्वाचन आयोग के अधिवक्ता शामिल थे। सभी पक्षों की मौजूदगी में फुटेज की गहन जांच की गई। यह टीम आज (शुक्रवार) हाईकोर्ट में अपनी रिपोर्ट पेश करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button