उत्तर प्रदेशमहराजगंजयातायात

सड़क पर अतिक्रमण, यातायात व्यवस्था बेपटरी

दुकानदार सड़क पर लगा रहे दुकानें, सामानों की बिक्री के लिए तेज ध्वनि वाली स्पीकरों का हो रहा उपयोग

जन एक्सप्रेस/महराजगंज : यातायात व्यवस्था की उच्चाधिकारियों के स्तर से हो रही हर कोशिश जीरो ग्राउंड पर जिम्मेदारों की लापरवाही से परवान नहीं चढ़ पा रही है। ठूठीबारी कस्बे से नेपाल बार्डर तक जाने वाली मुख्य सड़क रात में दस बजे के बाद चौड़ा दिखने वाला मार्ग पूरे दिन अस्थायी अतिक्रमण व वाहनों के बेतरतीब पार्किंग से संकरी हो जा रही है। ठेले-खोमचे वाले दुकानदारों ने अस्थाई रूप से सड़क तक दुकान लगाने से आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। जिससे यातायात व्यवस्था भी चरमरा जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक भारत-नेपाल सीमा पर स्थित अति महत्वपूर्ण कस्बा ठूठीबारी में जिम्मेदार प्रशासन की लापरवाही के चलते यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, दुकानदार नाली से आगे न केवल सड़क पर दुकानें लगा रहे हैं, बल्कि सामानों की बिक्री के लिए तेज ध्वनि वाले स्पीकरों का भी लगातार उपयोग कर रहे हैं। इससे जहां एक ओर यातायात व्यवस्था बाधित हो रही है, वहीं दूसरी ओर ध्वनि प्रदूषण से आसपास के लोग भी अत्यंत परेशान हैं। बताया गया कि कस्बे सड़क पर वाहनों का दबाव काफी अधिक रहता है और सड़क पर अस्थाई अतिक्रमण होने से सड़क सकरी हो जाती है, जिससे अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। ऐसे में ठूठीबारी पुलिस प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे अतिक्रमणकारियों के हौसले बुलंद हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि प्रशासन शीघ्र हस्तक्षेप कर सड़क से अतिक्रमण हटवाए और ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाए, जिससे आम जन को राहत मिल सके। अगर समय रहते प्रशासन ने कोई सख्त कदम नहीं उठाया तो क्षेत्र में यातायात और जनजीवन की स्थिति और भी दयनीय हो सकती है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी महेंद्र मिश्रा ने बताया कि अस्थाई अतिक्रमण का मामला संज्ञान में है, यातायात व्यवस्था को बेहतर करने के लिए अभियान चलाकर सड़क से अतिक्रमण हटवाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button