देश

पुलिस ने चलाया गैंगस्टर रोहित के गुर्गे के घर पर बुलडोजर

बीकानेर । राजस्थान के बीकानेर में सोमवार को गैंगस्टर रोहित गोदारा के गुर्गे दानाराम उर्फ दानिया के लूनकरनसर स्थित घर पर सोमवार को पुलिस ने बुलडोजर चलाया। इस दौरान चार थानों की पुलिस भी मौजूद थी। पुलिस एक जेसीबी, तीन ट्रेक्टर ट्रॉली, पानी का टैंकर, आंसू गैस वाहन और 300 जवानों के साथ सुबह 7 बजे पहुंची। मकान से समान रात्रि में ही हटा लिया गया था। दानाराम के पिता सहित परिवार के सदस्यों ने किसी भी प्रकार का विरोध नहीं किया। मकान व दुकान को तोड़ने में प्रशासन को लगभग तीन घंटे का समय लगा। यह घर उसके पिता जगदीश के नाम पर था। इसे अवैध बताते हुए जेसीबी चलाई गई। बता दें कि दानाराम पर 50 हजार रुपए का इनाम भी घोषित है।

लूणकरनसर के वार्ड संख्या दो में बने इस मकान को तहसीलदार ने अवैध माना। सोमवार को लूणकरनसर थाना पुलिस के साथ कालू, जामसर और महाजन थाने की पुलिस भी मौके पर तैनात की गई। चार थानों के थानेदार के साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और उप अधीक्षक भी मौके पर रहे। इसके बाद जेसीबी ने सुबह करीब आठ बजे तोड़फोड़ शुरू कर दी। जगदीश जाट के घर से सभी लोगों को बाहर निकाला गया। सामान निकालने के लिए समय दिया गया। बाद में तोड़फोड़ शुरू कर दी गई। अंदर बने कमरे और घर की दीवारों को देखते ही देखते मलबे में तब्दील कर दिया गया। इस मलबे को सरकार के निर्देश पर ही यहां से हटाया जाएगा। अगर मलबे को हटाने का प्रयास किया जाएगा तो फिर से कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए भी बीट कॉन्स्टेबल और लूणकरनसर पुलिस को पाबंद किया गया है।

हिस्ट्रीशीटर दानाराम के पिता जगदीश ने सरकारी जमीन पर अवैध रूप से मकान बनाया हुआ था। मकान में कमरे, आंगन, स्टोर सब कुछ बने हुए थे। पुलिस थाने से महज 300 मीटर दूर कस्बे की सुरनाणा रोङ पर घर बना रखा था। जानकारी में रहें कि दानाराम के खिलाफ बीकानेर में कुल 10 मामले हत्या के प्रयास, मारपीट, अवैध हथियार और अवैध वसुली के दर्ज हैं। जो अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। इसमें लूणकरणसर में फिरौती का एक मामला दर्ज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button