utrakhandउत्तरकाशी

श्रीकोट में राज राजेश्वरी स्वयं सहायता समूह ने किया पौधरोपण

जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- पर्यावरण संरक्षण और पूर्वजों के सम्मान का संदेश देने वाले पितृवन अभियान के तहत चम्बा विकासखंड के ग्राम श्रीकोट में राज राजेश्वरी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने ग्राम समाज की भूमि पर फलदार पौधों का रोपण किया। इस दौरान महिलाओं ने पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्र विकास समिति के अध्यक्ष एवं पितृवन अभियान के प्रेरणास्रोत सुशील बहुगुणा ने कहा कि पितृवन केवल पौधरोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों और अपने पूर्वजों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक परिवार अपने पूर्वजों की स्मृति में एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करे, तो इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ गांवों में फलदार वृक्षों की संख्या भी बढ़ेगी।

उन्होंने कहा कि ग्राम समाज की भूमि पर लगाए गए पौधे पूरे गांव की साझा धरोहर हैं। इनकी सुरक्षा और देखभाल की जिम्मेदारी भी पूरे ग्राम समाज की है। पितृवन अभियान के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण, पूर्वजों के सम्मान और सामुदायिक सहभागिता से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

राज राजेश्वरी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने पौधों की नियमित सिंचाई, सुरक्षा और देखभाल का संकल्प लेते हुए कहा कि वे इन पौधों को विकसित कर गांव को हराभरा बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगी।

कार्यक्रम में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर अनिता पंवार, गुड्डी देवी, ममता देवी, छटांकी देवी, पूलमा देवी, जलमा देवी, कमली देवी, रंजनी देवी, अमला देवी, रेखा देवी, सुनीता देवी सहित संस्था की लक्ष्मी एवं राज राजेश्वरी स्वयं सहायता समूह की अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं।

संवाददाता : चंद्रप्रकाश बहुगुणा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button