उत्तराखंड

केदारनाथ व हेमकुंड साहिब में रोपवे निर्माण के लिए एमओयू

जन एक्सप्रेस/उत्तराखंड: सचिवालय में आज एक अहम समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। पर्वतमाला परियोजना के तहत केदारनाथ और हेमकुंड साहिब में रोपवे निर्माण के लिए नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट लिमिटेड (NHLML) और पर्यटन विभाग के बीच एमओयू संपन्न हुआ।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि रोपवे कनेक्टिविटी उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ-साथ पर्यटन के क्षेत्र में नए अवसर खोलेगी। उन्होंने बताया कि जल्द ही सोनप्रयाग–केदारनाथ और गोविंदघाट–हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाओं पर काम शुरू होगा। समझौते के मुताबिक, रोपवे निर्माण में 51% हिस्सेदारी एनएचएलएमएल और 49% हिस्सेदारी राज्य सरकार की होगी। राजस्व में से 90 प्रतिशत राशि पर्यटन, परिवहन और गतिशीलता से जुड़ी योजनाओं में खर्च की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल धार्मिक व सांस्कृतिक धरोहर को वैश्विक पहचान दिलाने के साथ ही पर्यटन, रोजगार, पर्यावरण संरक्षण और आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर चल रही पर्वतमाला परियोजना के अंतर्गत – सोनप्रयाग से केदारनाथ के बीच 12.9 किमी लंबे रोपवे का निर्माण लगभग 4100 करोड़ रुपये की लागत से होगा। गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब के बीच 12.4 किमी का रोपवे लगभग 2700 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जाएगा।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button