लूट की वारदात : असलहे के दम पर बदमाशों ने अस्पताल संचालक से की लूट
एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लूटेरों को शीघ्र गिरफ्तार करने का दिया निर्देश

जन एक्सप्रेस प्रतापगढ़: जिले के रानीगंज थाना इलाके में रविवार देर रात अस्पताल संचालक के साथ बाइक सवार बदमाशों ने की लूट। वारदात को अंजाम देने के बाद असलहा लहराते हुए मौके से फरार।मिली जानकारी के अनुसार थाना इलाके के लच्छीपुर बाजार निवासी डॉ. आशीष गुप्ता रानीगंज बाजार में एक निजी अस्पताल के संचालक हैं। रविवार रात साढ़े नौ बजे वो अपना अस्पताल बन्द करके बाइक से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वो पचरास गांव के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें असलहा दिखाकर रोकने का प्रयास किया। न रुकने पर बदमाशों ने उन पर फायर झोंक दिया जिससे डॉ. आशीष बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। और बदमाश लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से असलहा लहराते हुए फरार हो गये। बताया जा रहा है कि असलहे के बल पर बदमाशों ने डॉ. आशीष से उनकी सोने की चेन, अंगूठी और 6,500 रुपये नकद लूट लिए। फायरिंग की आवाज सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सीओ रानीगंज पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल करने के साथ ही पूछताछ की। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही लुटेरे सलाखों के पीछे होंगे। घटना की सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर और एडिशनल एसपी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर अपने मातहतों को जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं।






