शाहगंज में पुलिस–गो तस्करों के बीच मुठभेड़, एक बदमाश घायल, दो गिरफ्तार, चार जिंदा गोवंश बरामद

जन एक्सप्रेस/शाहगंज: शाहगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत अयोध्या मार्ग स्थित चिरैया मोड़ के पास सोमवार सुबह पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम की गो तस्करों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के कंधे में गोली लग गई, जबकि दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एक बदमाश मौके से फरार होने में सफल रहा।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस व एसओजी टीम ने अयोध्या मार्ग पर चिरैया मोड़ के आगे पुलिस वाहन खड़ा कर चेकिंग शुरू की थी। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन गो तस्करों ने पुलिस की बोलेरो में टक्कर मारकर भागने की कोशिश की। वाहन खराब होने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आजमगढ़ जनपद के अहरौला थाना क्षेत्र के माहुल निवासी 35 वर्षीय इस्तेखार पुत्र मुस्ताक के दाहिने कंधे में गोली लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं अहरौला थाना क्षेत्र के निजामपुर निवासी 28 वर्षीय जयसिंह पुत्र गुड्डू लोना को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
जबकि इनामिया अपराधी विशाल यादव पुत्र अनिल यादव मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पिकअप वाहन से चार जिंदा और दो मृत गोवंश बरामद किए। जिंदा गोवंश को गौशाला भेज दिया गया।
घायल अभियुक्त को पहले राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चालान भेज दिया है।







