भाजपा के पाथरीघाट मंडल कार्यालय का हुआ उद्घाटन

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के असम प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक और पाथरीघाट मंडल कार्यालय का उद्घाटन समारोह आज (शनिवार) दीपिला में आयोजित किया गया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भवेश कलिता ने नवनिर्मित अटल बिहारी वाजपेयी भवन परिसर में पौधरोपण किया।
इसके बाद प्रदेश भाजपा प्रभारी बीजे पांडा ने पार्टी का झंडा फहराया। प्रदेश अध्यक्ष भवेश कलिता ने पूरे वैदिक रीति-रिवाज के साथ सिपाझार विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पहले स्थायी कार्यालय का उद्घाटन किया। इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गयी।
प्रदेश अध्यक्ष भवेश कलिता की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रदेश सांगठनिक महासचिव फणीनंद्र नाथ शर्मा, सांसद एवं राष्ट्रीय महासचिव दिलीप सैकिया, विधायक परमानंद राजवंशी, प्रदेश महासचिव पुलक गोहाईं, प्रदेश सचिव एवं सांसद पल्लब लोचन दास, मंत्री नंदिता गार्लोसा, सांसद तपन गोगोई, विधायक नबा कुमार दलै, रेखा रानी दास आदि मौजूद रहे।
इस बीच, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बीजे पांडा ने कहा कि भाजपा एक कैडर आधारित संगठन है और कोई भी ताकत भाजपा को नहीं रोक सकती है।
वहीं, सांसद दिलीप सैकिया ने कांग्रेस नेता अंकिता दत्ता को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा कि कांग्रेस में महिलाओं का कोई सम्मान नहीं है। इस बीच, भाजपा महिलाओं का सम्मान करना जानती है, लेकिन कांग्रेस में महिलाओं का सम्मान करना तो दूर, महिलाओं का अपमान किया जाता है।






