लोक निर्माण विभाग ने जर्जर टंकी को किया ध्वस्त, विद्यालय प्रबंधन ने जताया आभार

जन एक्सप्रेस प्रतापगढ़:जिले के नगर पंचायत कोहड़ौर स्थित श्री जगतपाल रंगनाथ द्विवेदी इण्टर कालेज के भवन से सटी हुई जर्जर पानी की टंकी को जिला प्रशासन के आदेश पर रविवार शाम को लोक निर्माण विभाग की टीम ने पहुंचकर ध्वस्त कराया। मालूम हो कि सीएचसी परिसर में स्थित व विद्यालय भवन के निकट जर्जर पानी की टंकी जो उपयोग में नहीं थी, विद्यालय के शिक्षकों व बच्चों के लिए खतरा बनी हुई थी। विद्यालय के प्रबंधक पं. रमाकांत द्विवेदी ने सूबे में निचले स्तर से लेकर उच्च स्तर तक जर्जर पानी की टंकी के ध्वस्तीकरण हेतु प्रार्थनापत्र दिया था। करीब कई सालों के लगातार प्रयास के बाद रविवार शाम को जर्जर टंकी को विभाग द्वारा ढहाया गया। विद्यालय के लिए खतरा बनी जर्जर पानी की टंकी को रविवार शाम लोक निर्माण विभाग द्वारा ध्वस्तीकरण की कार्रवाई होने के बाद विद्यालय प्रबंधन ने राहत की सांस ली। विद्यालय के प्रबंधक रमाकांत द्विवेदी ने शासन प्रशासन के साथ ही सम्बन्धित विभाग को धन्यवाद देने के साथ ही समस्या का समाधान करने हेतु आभार जताया है।






