पति ने पत्नी को पीट कर मार डाला, फिर फंदे से लटक कर दी जान
परिवार में कोहराम, आसपास सन्नाटा

जन एक्सप्रेस/संवाददाता
नानपारा, बहराइच। नानपारा नगर क्षेत्र के जुबली गंज इलाके में देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। पारिवारिक कलह के चलते पति ने अपनी पत्नी को पीट-पीट कर मार डाला। इसके बाद खुद फांसी के फंदे पर लटक कर जान दे दी। मामले की जानकारी मृतकों के पुत्र ने अपने एक रिश्तेदार को दिया। इसके बाद सूचना पुलिस तक पहुंची। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस विधिक कार्रवाई में जुटी है। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण पवित्र मोहन त्रिपाठी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक हमीरपुर जिले के रहने वाले धीरज 32 वर्ष अपनी पत्ती नहीं आरती 26 वर्ष और दो बच्चों के साथ नानपारा के जुबली गंज नई बस्ती मोहल्ले में काफी समय से किराए के मकान में रह रहा था। वह रिक्शा चलता था। दिन भर मेहनत के बाद हुई आमदनी से परिवार का खर्च चलाया करता था। पारिवारिक खर्च और अन्य बातों को लेकर पति और पत्नी के बीच हमेशा अनबन रहती थी। आए दिन विवाद हुआ करता था।
एक दो बार मामला थाने में पहुंचा। पुलिस ने समझा बुझाकर घर भेज दिया था। बीती रात पति धीरज रिक्शा चलाने के बाद घर वापस आया और पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। इसके बाद धीरज ने अपनी पत्नी के ऊपर धारदार हथियार से हमला कर दिया। लाठी डंडों से भी पिटाई की। जिससे पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई पति ने जब देखा की पत्नी की मौत हो गई है तो उसने छत के कुंडे में फंदा डालकर खुद भी लटक कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इसकी जानकारी मृतक के 7 वर्षीय बच्चे ने पड़ोस में रह रही अपनी मौसी को दी। आसपास के लोग भी घटना की जानकारी होने पर पहुंच गए। इसकी जानकारी पुलिस को भी दी गई।
तत्काल पुलिस भी मौके पर पहुंची दोनों शव को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। घटना के बाद दोनों बच्चों का रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोग भी सदमे में हैं। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नानपारा मिथिलेश कुमार राय ने बताया कि पति शराबी प्रवृत्ति का था। नशे की हालत में उसने घटना को अंजाम दिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मुकदमा लिखकर कार्रवाई की जा रही है।






