देश

मुख्यमंत्री भजनलाल ने एसएमएस अस्पताल का औचक निरीक्षण किया

जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को सवाई मानसिंह अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल में मिली अव्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने अस्पताल के बांगड़ भवन का निरीक्षण भी किया। मुख्यमंत्री के अस्पताल पहुंचने के दौरान अस्पताल अधीक्षक डॉक्टर अचल शर्मा उस समय अस्पताल में मौजूद नहीं थे। ऐसे में उपाधीक्षक डॉक्टर अनिल दूबे और डॉक्टर जगदीश मोदी ही दौड़कर मुख्यमंत्री के पास पहुंचे। लेकिन, तब तक भजनलाल कई वार्डों में विजिट कर चुके थे। कुछ समय बाद अस्पताल अधीक्षक डॉक्टर अचल शर्मा मौके पर पहुंचे। देरी से पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने उन्हें जमकर लताड़ा। अस्पताल में गंदगी देखकर मुख्यमंत्री जबरदस्त नाराज हुए। उन्होंने डॉक्टर अचल शर्मा से कहा कि ऑफिस में बैठकर काम नहीं होगा। कभी बाहर निकलकर हालात देखे हैं क्या?

मुख्यमंत्री को मुख्य भवन के बाहर मरीज और उनके परिजन खुले में दिखे। अधिकारियों ने कहा कि इनके लिए वेटिंग रूम की व्यवस्था है। यहां मरीजों के आसपास गंदगी देख मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को फटकारा। कहा- यह देश के सबसे चुनिंदा अच्छे हॉस्पिटल में से एक है। यहां ऐसी गंदगी और बदहाली ठीक नहीं। उन्होंने यहां तुरंत सफाई करवाने और मरीजों के परिजनों के लिए बैठने-रहने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

इसके बाद मुख्यमंत्री बांगड़ परिसर में न्यूरोलॉजी विंग में गए। यहां उन्होंने मरीजों से व्यवस्थाओं के बारे में पूछा और वार्ड में जाकर कुछ मरीजों की कुशलक्षेम पूछी। इस दौरान जब वे स्टाफ काउंटर पर पहुंचे तो वहां उन्होंने स्टाफ की कमी होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने पूछा- यहां अब तक कोई डॉक्टर क्यों नहीं है। नर्सिंग स्टाफ ने छुट्टी पर होने की बात कही। मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद मरीजों से पूछा कि आप यहां आए हैं, आपको किसी तरह की कोई परेशानी तो नहीं हुई। अगर हुई है तो बताइए। बांगड़ परिसर के एक वार्ड में सीएम भजनलाल ने स्टाफ के समय पर नहीं पहुंचने का कारण पूछा तो मौके पर मौजूद स्टाफ कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल ने एसएमएस हॉस्पिटल में साफ-सफाई का भी निरीक्षण किया। एक-एक वार्ड के निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में मौजूद कर्मचारियों को सफाई के निर्देश भी दिए। साथ ही तमाम व्यवस्थाएं देखी। उन्होंने बांगड़ परिसर का दौरा करने के बाद मुख्य बिल्डिंग का दौरा किया। दवा काउंटर, चिरंजीवी एडमिशन काउंटर समेत अन्य जगह का दौरा कर स्टाफ की स्थिति जानी। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को आज एक मीटिंग करने और यहां की व्यवस्थाओं को सुधारने का एक्शन प्लान तैयार करके पेश करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button