उत्तर प्रदेशकौशांबीराज्य खबरें

कौशांबी सड़क हादसा: पंचर बदलते समय तेज रफ्तार वाहन ने 4 युवकों को रौंदा

दो सगे भाइयों समेत चार की मौत

जन एक्सप्रेस/ कौशांबी: जिले के सैनी कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो सगे भाइयों समेत चार युवकों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब सड़क किनारे खड़ी एक पिकअप का पंचर टायर बदला जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने वहां मौजूद युवकों को जोरदार टक्कर मार दी।

पंचर बदलते समय हुआ दर्दनाक हादसा

जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार रात करीब 12 बजे त्रिलोकपुर स्थित कंगन होटल के सामने हुआ। रसूलपुर से चारपाइयां लादकर एक पिकअप उन्नाव जा रही थी। रास्ते में वाहन का टायर पंचर हो गया।

चालक और उसके साथी सड़क किनारे पंचर मिस्त्री की मदद से टायर बदल रहे थे। तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल में चारों को मृत घोषित किया गया

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिराथू पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों की हुई पहचान

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है—

  • साबिर (पुत्र स्व. शरीफ, वार्ड संख्या-10, सिराथू)
  • अकबर (पुत्र स्व. शरीफ, वार्ड संख्या-10, सिराथू)
  • अनवर (पुत्र स्व. मुमताज, निवासी मूरतगंज)
  • एहसान (पुत्र स्व. सपातुल्लाह, निवासी रसूलपुर, थाना कोखराज)

हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।

जांच के तहत पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन की पहचान कर उसके चालक के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button