CrimeUP Breaking NewsUP POLICEअपराधउत्तर प्रदेशचित्रकूटटॉप न्यूज़ट्रेंडिंगदेशब्रेकिंग न्यूज़भ्रष्टाचारराज्य खबरेंशहर खबरें

चित्रकूट में बागे नदी का सीना छलनी, नदी की धारा में उतरीं पोकलैंड मशीनें

दिन-रात बालू खनन और ओवरलोड वाहनों का बेखौफ संचालन, ग्रामीणों ने उठाए गंभीर सवाल; जिम्मेदार विभागों की चुप्पी पर सवालिया निशान

जन एक्सप्रेस /चित्रकूट :-  जनपद में अवैध बालू खनन का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। पहाड़ी थाना क्षेत्र के ओरा गांव स्थित बागे नदी के डीघरी घाट पर कथित तौर पर NGT के मानकों और पर्यावरणीय नियमों को ताक पर रखकर बालू खनन किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि नदी की मुख्य धारा के बीच भारी-भरकम पोकलैंड मशीनें उतारकर बालू का खनन कराया जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक घाट पर दिन-रात खनन का काम जारी है। इतना ही नहीं, बालू से लदे ओवरलोड वाहन बिना किसी रोक-टोक के सड़कों पर दौड़ रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि खुलेआम चल रही इस गतिविधि पर जिम्मेदार विभागों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि नदी की धारा के बीच मशीनों से खनन किया जा रहा है तो इसकी अनुमति किसने दी? क्या खनन के लिए निर्धारित पर्यावरणीय शर्तों और NGT के दिशा-निर्देशों का पालन हो रहा है? यदि नियमों का उल्लंघन हो रहा है तो जिम्मेदार अधिकारियों की नजर इस पर अब तक क्यों नहीं पड़ी? बागे नदी केवल बालू का स्रोत नहीं, बल्कि क्षेत्र के पर्यावरण और प्राकृतिक जलधारा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे में यदि अनियंत्रित खनन की शिकायतें सही पाई जाती हैं तो इसका असर नदी के प्राकृतिक स्वरूप और आसपास के पर्यावरण पर पड़ सकता है।

अब सवाल सीधे जिम्मेदारों से है—क्या डीघरी घाट पर हो रहे कथित अवैध खनन की निष्पक्ष जांच होगी? क्या नदी की धारा में उतारी गई पोकलैंड मशीनों और ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई होगी, या फिर बागे नदी का सीना यूं ही छलनी होता रहेगा? ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, खनन विभाग और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े अधिकारियों से तत्काल मौके पर जांच कराकर नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। इस मामले को लेकर जब खनिज अधिकारी से बात हुई तो उन्होंने कहा की जांच करवा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button