
जन एक्सप्रेस /पुरोला :- बुधवार को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान (एनडीडी) के अंर्तगत प्रखंड पुरोला के विभिन्न विद्यालयों में स्वास्थ्य विभाग की ओर से विद्यार्थियों को कृमि संक्रमण से बचाव के लिए एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई गई। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विद्यालयों में पहुंचकर बच्चों को दवा देने के साथ-साथ कृमि संक्रमण से बचाव एवं व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया। वहीं राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पुरोला में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), रेडक्रॉस इकाई तथा रोवर-रेंजर्स इकाई के संयुक्त तत्वावधान में 130 विद्यार्थियों को एल्बेंडाजोल की दवा वितरित की गई। इस दौरान विद्यार्थियों को कृमि संक्रमण के कारण, लक्षण, दुष्प्रभाव एवं बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए स्वच्छ भोजन, शुद्ध पेयजल के उपयोग तथा नियमित रूप से हाथ धोने की आदत अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. बबीता बन्टवाण, रेडक्रॉस प्रभारी डॉ. रमेश चन्द्र रडवाल तथा रोवर-रेंजर्स प्रभारी डॉ. विनोद कुमार के निर्देशन में स्वयंसेवकों ने दवा वितरण एवं जागरूकता कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग दिया।
वहीं जूनियर हाई स्कूल कंताड़ी एवं हाई स्कूल कंताड़ी में भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विद्यार्थियों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई। इस अवसर पर आरबीएसके की चिकित्साधिकारी डॉ. अर्चना पैन्यूली, फार्मासिस्ट अजयपाल राणा, जूनियर हाई स्कूल कंताड़ी के प्रधानाध्यापक यशवंत सिंह चौहान , हाई स्कूल कंताड़ी के प्रधानाध्यापक सत्येंद्र कश्यप उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान का उद्देश्य बच्चों एवं किशोरों को कृमि संक्रमण से सुरक्षित रखना, उनके पोषण स्तर में सुधार करना तथा बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना है। अभियान के तहत प्रखंड के अन्य विद्यालयों में भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दवा वितरित की गई है।






