मतदाता पुनरीक्षण अभियान को लेकर भाजपा की महत्वपूर्ण कार्यशाला संपन्न, प्रत्येक बूथ पर पांच नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित
पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल कराने के लिए पूरी सक्रियता से जुटें कार्यकर्ता : सांसद अनूप प्रधान

जन एक्सप्रेस /हाथरस :- भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय हाथरस पर मतदाता पुनरीक्षण अभियान को लेकर एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में हाथरस सांसद अनूप प्रधान तथा मुख्य वक्ता के रूप में हाथरस विधानसभा प्रभारी श्रीमती पूजा वार्ष्णेय उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा ने की तथा संचालन जिला महामंत्री एवं अभियान संयोजक राजेश सिंह गुड्डू ने किया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए सांसद अनूप प्रधान ने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण एवं नए मतदाताओं को जोड़ने का अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। प्रत्येक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ इस अभियान में जुटना होगा। उन्होंने कहा कि हाथरस जिले में बड़ी संख्या में ऐसे पात्र नागरिक हैं, जिनके नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं। ऐसे सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए कार्यकर्ता बूथ स्तर पर सक्रियता से कार्य करें, जिससे कोई भी पात्र व्यक्ति अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
मुख्य वक्ता पूजा वार्ष्णेय ने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण अभियान संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण कार्य है। सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता इसे अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारी समझकर पूरी निष्ठा, लगन और समर्पण के साथ पूरा करें। अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए बूथ स्तर पर प्रभावी कार्ययोजना बनाकर काम करने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा ने कहा कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव भारतीय जनता पार्टी के लिए महत्वपूर्ण है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाता सूची की शुद्धता और प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रत्येक बूथ पर कम से कम पांच नए पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने का लक्ष्य निर्धारित कर कार्य करें। साथ ही मतदाता सूची में दर्ज अपात्र एवं अनधिकृत प्रविष्टियों के संबंध में नियमानुसार आपत्तियां दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर मजबूत संगठनात्मक समन्वय और सक्रिय भागीदारी से ही अभियान को सफल बनाया जा सकता है।
कार्यशाला में उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मतदाता पुनरीक्षण अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी रूप से संचालित करने तथा प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।






