UP Breaking NewsUP POLICEउत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़ट्रेंडिंगराज्य खबरेंहरदोई

सीडीओ ने अहिरोरी ब्लॉक का किया निरीक्षण, लापरवाही पर तीन कर्मचारियों का नवंबर माह का वेतन बाधित

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सीडीओ श्रीमती नेहा ब्याडवाल द्वारा विकासखंड अहिरोरी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ब्लॉक प्रमुख धर्मवीर सिंह,बीडीओ कामरान नेमानी,डीडीओ श्री कमलेश कुमार, सहायक विकास अधिकारी पंचायत श्री मेवाराम,एडीओ ग्राम विकास पंकज कुमार सहित अन्य ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान ब्लॉक परिसर में संचालित प्रेरणा कैंटीन का संचालन संतोषजनक नहीं पाया गया तथा उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से संबंधित व्यवस्थाओं एवं रखरखाव में भी कमियां पाई गईं। इस पर सीडीओ द्वारा एडीओ ग्राम विकास श्री पंकज कुमार का माह नवंबर का वेतन बाधित करते हुए निर्देशित किया गया कि एक सप्ताह के भीतर प्रेरणा कैंटीन का सुचारु संचालन सुनिश्चित कराते हुए फोटोयुक्त आख्या उपलब्ध कराएं।

ब्लॉक परिसर के निरीक्षण के दौरान परिसर में घास उगी पाए जाने तथा पूर्व में निर्मित तालाब की समुचित साफ-सफाई न कराए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की गई। इस पर सहायक विकास अधिकारी पंचायत श्री मेवाराम का माह नवंबर का वेतन बाधित किया गया। स्टोर रूम के निरीक्षण में अभिलेखों, निष्प्रयोज्य सामग्री एवं अलमारियों का रखरखाव व्यवस्थित नहीं पाया गया। इस पर स्टोर कीपर श्री विशाल सिंह का भी माह नवंबर का वेतन बाधित किया गया। सीडीओ द्वारा ब्लॉक परिसर में स्थित पुराने एवं जर्जर शौचालयों तथा आवासीय भवनों की नीलामी की कार्यवाही लंबित पाए जाने पर असंतोष व्यक्त किया गया। उन्होंने तत्काल मूल्यांकन कराकर नियमानुसार ध्वस्तीकरण एवं नीलामी की आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रशासनिक भवन के निरीक्षण के दौरान समुचित प्रकाश व्यवस्था न पाए जाने पर आपत्ति व्यक्त करते हुए तत्काल आवश्यक प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। अभिलेखों के निरीक्षण के दौरान बीडीओ को फील्ड कर्मचारियों की नियमित भ्रमण पंजिका में अनिवार्य रूप से प्रविष्टियां दर्ज कराने तथा उनके कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सीडीओ द्वारा सर्विस बुक, जीपीएफ पासबुक, गार्ड फाइल, निरीक्षण पंजिका एवं ग्रांट रजिस्टर पार्ट-3 का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान विभिन्न मदों में लंबित धनराशि का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।सीडीओ ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि ब्लॉक परिसर की स्वच्छता, कार्यालयों की व्यवस्थाओं, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button