घर मे घुसकर मारपीट के मामले में हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में 4 नामजद व 4 अज्ञात सहित 8 लोगो पर मुकदमा
घर में घुसकर मारपीट, 8 पर केस

जन एक्सप्रेस/हरदोई। हरपालपुर थाना क्षेत्र के खरगपुर मजरा खसौरा गांव में पूर्व विवाद को लेकर घर में घुसकर मारपीट करने के मामले में पुलिस ने चार नामजद और चार अज्ञात समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। शिकायत में लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को हिरासत में लिया है।जानकारी के अनुसार खरगपुर मजरा खसौरा गांव निवासी सुरजीत पुत्र जोगेंद्र ने पुलिस को तहरीर दी। तहरीर के मुताबिक 25 सितंबर की शाम करीब 7:15 बजे वह अपने पिता जोगेंद्र, मां मीना देवी और बहन उपासना के साथ घर में मौजूद था।
आरोप है कि इसी दौरान गांव के सुधीर पुत्र शिवपाल, अवनीश उर्फ मक्कू पुत्र रमेश सिंह, राहुल पुत्र श्यामाचरण और संतोष पुत्र सुधीर समेत चार अज्ञात लोग लाठी-डंडे और सरिया लेकर घर में घुस आए। शिकायत के अनुसार आरोपितों ने घर में घुसते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर सुधीर द्वारा लोहे की रॉड तथा अन्य आरोपितों द्वारा लाठी-डंडों से मारपीट किए जाने का आरोप है। तहरीर में कहा गया है कि मारपीट के दौरान सुरजीत बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा।
शोर सुनकर उसे बचाने पहुंचे उसके पिता जोगेंद्र, मां मीना देवी और बहन उपासना के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में आरोपितों द्वारा जान से मारने की धमकी देने की बात भी कही गई है।
हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में केस
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर हत्या के प्रयास समेत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 352, 351(3), 3(5), 333 और 109(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।पुलिस ने घटना में नामजद दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। अन्य आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।





