राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर छात्र-छात्राओं को खिलाई गई एल्बेंडाजोल, स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा जे एस चुफाल ने राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मंडप में अभियान का किया शुभारंभ, बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाव की दी जानकारी

जन एक्सप्रेस /पिथौरागढ़ :- 18 नवंबर 2026। बच्चों को कृमि संक्रमण से मुक्त रखने तथा उनके बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और शारीरिक विकास को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस 2026 का जनपद पिथौरागढ़ में शुभारंभ किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी पिथौरागढ़ ने राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मंडप में अभियान का उद्घाटन करते हुए छात्र-छात्राओं को एल्बेंडाजोल की टैबलेट खिलाई और कृमि संक्रमण से बचाव के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि पेट में कृमि संक्रमण बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, शारीरिक विकास तथा पढ़ाई पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। कृमि संक्रमण के कारण बच्चों में कमजोरी, पेट दर्द, भूख में कमी, खून की कमी और शारीरिक विकास प्रभावित होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में समय-समय पर कृमि मुक्ति दवा का सेवन और व्यक्तिगत स्वच्छता का पालन बेहद जरूरी है।
विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वच्छ हाथों, साफ पानी, स्वच्छ भोजन, नाखूनों की नियमित कटाई तथा शौचालय का उपयोग करने जैसी स्वच्छता संबंधी आदतों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में आरबीएसके मैनेजर राजेंद्र रावत, आरकेएस काउंसलर जीवन चंद्र पंत एवं अनुजा भट्ट, विद्यालय की प्रधानाचार्य संगीता भैसोड़ा, भुवन चंद्र पांडेय , राकेश पुरी सहित अन्य उपस्थित रहे।






