Crimeutrakhandउत्तरकाशीटॉप न्यूज़ट्रेंडिंगदेश

नन्दू कोली पर जानलेवा हमले के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

रुपयों के लेनदेन को लेकर हुआ था विवाद, ईंट से सिर पर वार करने की बात पूछताछ में स्वीकारने का पुलिस का दावा

जन एक्सप्रेस /रुद्रपुर :-  रम्पुरा निवासी नन्दू कोली पर हुए जानलेवा हमले के मामले में ट्रांजिट कैंप पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को रम्पुरा चौकी के गेट के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने रुपयों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के दौरान नन्दू कोली के सिर पर ईंट से वार करने की बात स्वीकार की है।

पुलिस के मुताबिक, रुद्रपुर कोतवाली में मामले में वादिनी रामा पत्नी नन्दू कोली, निवासी रम्पुरा वार्ड संख्या 23 ने तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया कि 12 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11 बजे उनके पति नन्दू कोली काम से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सत्ता चौक के पास कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि हमलावरों ने नन्दू कोली को जमीन पर गिरा दिया और उनके सिर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए रुद्रपुर के नारायण अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने नामजद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। इसी क्रम में 16 नवंबर 2026 की शाम करीब 6:30 बजे पुलिस टीम ने रम्पुरा चौकी के गेट के पास दबिश देकर दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने रुपयों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में ईंट से सिर पर वार करने की बात स्वीकार की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button