मतदाता सूची शुद्धिकरण अभियान में तेजी, डीएम ने किया मडियाहूं तहसील का औचक निरीक्षण

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने तहसील मडियाहूं के सभागार में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के अंतर्गत चल रहे कार्यों का औचक निरीक्षण किया निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि माननीय भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण की कार्यवाही सतत रूप से जारी है। इस अभियान के तहत जेंडर मिसमैच, आयु में अंतर, डुप्लीकेट प्रविष्टियां एवं मृतक मतदाताओं से संबंधित डाटा का सत्यापन किया जा रहा है। साथ ही मतदाता विवरण का पुनः सत्यापन (री-वेरिफिकेशन) भी सुनिश्चित किया जा रहा है
उन्होंने बताया कि नो मैपिंग डाटा को वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मैप करने का कार्य भी किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी कार्य व्यवस्थित ढंग से संपादित किए जा रहे हैं और जो भी कार्य शेष हैं, उन्हें शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बीएलओ एवं सुपरवाइजरों से संवाद कर कहा कि सामने आई सभी विसंगतियों का त्वरित निस्तारण किया जाए, जिससे मतदाता सूची पूरी तरह त्रुटिरहित बन सके। उन्होंने इस महत्वपूर्ण कार्य में लगे सभी कार्मिकों के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार भी व्यक्त किया।
इस अवसर पर ईआरओ नवीन सिंह सहित सुपरवाइजर, बीएलओ एवं अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।






