देश

संजय राउत ने कहा- इस देश में कोई नहीं सुरक्षित…..

नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने दिल्ली सीएम की गिरफ्तारी पर केंद्र सरकार को घेरा है। संजय राउत ने सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में कोई भी सुरक्षित नहीं है, यहां कभी भी किसी की भी गिरफ्तारी हो सकती है।
मीडिया से बात करते हुए शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने कहा, भाजपा के लिए यह चुनाव कठिन होने वाला है। इसलिए उन्होंने लोगों को चोट पहुंचाना जारी रखा है। आज इस देश में कोई भी सुरक्षित नहीं है। यहां किसी की भी गिरफ्तारी हो सकती है। भारत में जो पैटर्न चल रहा है, वही रूस और चीन में भी है। लोगों ने अरविंद केजरीवाल को अपना मुख्यमंत्री चुना है, इसलिए उनकी किस्मत का फैसला भी जनता ही करेगी।

प्रियंका चतुर्वेदी ने गिरफ्तारी को बताया राजनीतिक प्रतिशोध
लोकसभा चुनाव से पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर शिवसेना (यूबीटी) नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने केंद्र पर निशाना साधा है। उन्होंने इस गिरफ्तारी को राजनीतिक प्रतिशोध बताया है।

मीडिया से बात करते हुए प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, “जिस प्रकार से आम आदमी पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं को जेल में डाला गया है उससे यह साफ होता है कि राजनीतिक प्रतिशोध के तहत किया गया है। कहीं भी अब तक ईडी की ओर से कोई तथ्य नहीं दिखाए गए जिससे कि साबित हो पाए यह कार्रवाई किस आधार पर हो रही है, कोई सबूत नहीं दिए गए हैं। यह नहीं भूलना चाहिए कि अरविंद केजरीवाल भारी बहुमत से जनता का विश्वास जीतकर आए हैं और वे अपना काम करने के कारण ही जीत कर आए हैं।”

क्यों हुई अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) दिल्ली शराब नीति घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रही है। इसी कड़ी में ईडी की टीम गुरुवार शाम को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निवास पर पहुंची और उनसे इस मामले में पूछताछ की। इस पूछताछ के बाद रात में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

बता दें कि कोरोना काल के बीच दिल्ली सरकार ने दिल्ली आबकारी नीति 2021-22 लागू की थी। इस शराब नीति के कार्यान्वयन में कथित अनियमितता की शिकायतें आईं, जिसके बाद उपराज्यपाल ने सीबीआई जांच की सिफारिश की। इसके साथ ही दिल्ली आबकारी नीति 2021-22 सवालों के घेरे में आ गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button