
जन एक्सप्रेस /मोरी :- विकासखंड मोरी के बेनोल गांव में दिनदहाड़े बाघ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। गांव के समीप बाघ की मौजूदगी की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को जानकारी दी। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र में निगरानी शुरू कर दी।
ग्रामीणों के अनुसार बाघ काफी देर तक गांव के आसपास मंडराता रहा। इसके बाद लोगों ने सुरक्षा के लिहाज से बच्चों और मवेशियों को घरों के भीतर रखा। बाघ की मौजूदगी को देखते हुए ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
वन विभाग की टीम ने दिनभर के साथ ही पूरी रात क्षेत्र में गश्त की। टीम ने पटाखे फोड़कर बाघ को जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास भी किया। विभाग की ओर से लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि बाघ दोबारा आबादी वाले क्षेत्र में न पहुंच सके।
ग्रामीण दिनेश प्रधान, जगदीश रावत, के.के. डांगरा और महेंद्र सिंह ने बताया कि गांव के आसपास बाघ दिखाई देने से लोगों में डर बना हुआ है। उन्होंने वन विभाग से नियमित गश्त बढ़ाने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अकेले जंगल की ओर न जाएं और विशेष रूप से सुबह-शाम सतर्कता बरतें। विभाग ने यह भी कहा है कि बाघ दिखाई देने पर उसके करीब जाने या उसे छेड़ने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
वन विभाग के अनुसार क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
पुरोला संवाददाता सचिन






