देश

ट्रक ने श्रद्धालुओं से भरे ट्रैक्टर ट्रॉली में मारी टक्कर, नौ घायल

झांसी । झांसी-कानपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। इस घटना में श्रद्धालुओं से भरे ट्रैक्टर ट्रॉली में ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गया। ट्रॉली के नीचे श्रद्धालु दब गए और इस पूरी घटना में 9 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में घायलों को एंबुलेंस और पुलिस की मदद से उपचार हेतु नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया।

मामला मोठ कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नेशनल हाईवे 27 पर अमरा पेट्रोल पंप के पास से सामने का है। वहां ट्रैक्टर में सवार श्रद्धालु मुकेश राय ने बताया कि वह मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से ट्रैक्टर ट्रॉली से वृंदावन धाम राधा रानी के दर्शन के लिए जा रहे थे। जैसे ही वह झांसी-कानपुर हाईवे पर अमरा पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक ट्रक ने ट्रैक्टर ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ट्रॉली पलट गई और ट्रैक्टर के नीचे श्रद्धालु दब गए। यह देख पेट्रोल पंप पर कार्यरत कर्मचारियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस की मदद से घायलों को मोठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां घायलों को प्राथमिक उपचार दिया जा रहा है।

घटना की सूचना लगते ही मोठ उप जिलाधिकारी परमानन्द सिंह व पुलिस क्षेत्राधिकारी लक्ष्मीकांत गौतम घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों से मुलाकात की। उप जिलाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि एक एक्सीडेंट की सूचना मिली थी, जिसमें ट्रक ने श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर ट्रॉली में टक्कर मार दी थी। इस पर तत्काल मौके पर वह स्वयं एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी पहुंचे। पुलिस और एंबुलेंस की मदद से घायल श्रद्धालुओं को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button