
जन एक्सप्रेस /पुरोला :- उत्तरकाशी जनपद के विकासखंड मोरी के सुदूरवर्ती ढाटमीर गांव ने नशामुक्त समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। गांव के सोमेश्वर महादेव चौक में आयोजित ग्राम सभा की आम बैठक में महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने सर्वसम्मति से गांव को पूर्णतः नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि गांव में किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों का सेवन, खरीद-बिक्री और सार्वजनिक रूप से नशे से जुड़ी गतिविधियों को पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाएगा। ग्रामवासियों ने कहा कि स्वस्थ समाज और सुरक्षित भविष्य के लिए नशामुक्त वातावरण आवश्यक है।
ग्राम सभा के निर्णय के अनुसार शराब, अफीम, स्मैक, चरस, गांजा, नशीली गोलियां सहित सभी प्रकार के मादक पदार्थों के सेवन, बिक्री और खरीद पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर ताश खेलने पर भी रोक लगाने का फैसला लिया गया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि नशे की हालत में सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाना, झगड़ा करना या अभद्र व्यवहार करना पूरी तरह वर्जित होगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों पर ग्राम सभा के निर्णयानुसार आर्थिक दंड लगाया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित प्रशासन और पुलिस को भी सूचना दी जाएगी।
ग्रामवासियों ने “हमारी मुहिम – सिर्फ नशे के खिलाफ“ और “नशा छोड़ें, परिवार जोड़ें” जैसे संदेशों के साथ इस अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर राजपाल रावत ने कहा कि नशामुक्त समाज से ही स्वस्थ युवा, सुरक्षित परिवार और समृद्ध गांव का निर्माण संभव है। उन्होंने ग्रामवासियों के इस निर्णय को सराहनीय बताते हुए कहा कि नशामुक्त ढाटमीर अभियान पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक पहल साबित होगा।
बैठक में पूर्व प्रधान ठाकुर सिंह, बरु सिंह, शीशपाल रावत, सियाणा, राजिनन्द, राय सिंह, हरि सिंह प्रधान, लाली देवी, जगूड़ी देवी, ज्यादी देवी, रामु लाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।






