
जन एक्सप्रेस/ उत्तरकाशी: जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत आर्य ने मंगलवार को नगर पालिका परिषद क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न पोलिंग बूथों का निरीक्षण कर मतदाता सूची के डिजिटाइजेशन कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर इसे शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए।
राजकीय एवं संस्कृत महाविद्यालय बूथों का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय तथा संस्कृत महाविद्यालय स्थित पोलिंग बूथों पर बीएलओ और आईटी टीम से डिजिटाइजेशन कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने पर जोर
जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि डिजिटाइजेशन का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को पारदर्शी, सटीक और त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने बीएलओ और आईटी विशेषज्ञों को आपसी समन्वय के साथ पूरी सावधानी से डेटा फीड करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की मानवीय त्रुटि की संभावना न रहे।
समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर पालिका क्षेत्र के सभी पोलिंग बूथों का डिजिटाइजेशन कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर शत-प्रतिशत पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता के लिए यह कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है।
ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश मोहन राणा तथा अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी शालिनी चित्राण सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






