हरदोई में विकास कार्यों की मांग को लेकर ग्रामीणों ने लगाया जाम, दो घंटे रहा मार्ग बाधित

जिला संवाददाता-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस / हरदोई: हरदोई के विकास खंड सांडी के औरेनी गांव में विकास कार्यों की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शनिवार को सांडी-श्रीमऊ मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर पहुंच गए। करीब दो घंटे तक मार्ग बाधित रहने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत में लंबे समय से जरूरी विकास कार्य नहीं कराए जा रहे हैं। खास तौर पर प्राथमिक विद्यालय जाने वाले मुख्य रास्ते पर जलभराव और कीचड़ की समस्या बनी हुई है। बारिश के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है। ग्रामीणों के मुताबिक, रास्ता खराब होने के कारण स्कूल जाने वाले बच्चों को काफी परेशानी होती है और कई बार बच्चे फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं।
विकास कार्यों की जांच की मांग
आक्रोशित ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालय तक पक्का रास्ता बनवाने के साथ ही ग्राम पंचायत में अब तक कराए गए विकास कार्यों की जांच कराने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि विकास कार्यों के नाम पर केवल खानापूर्ति की जा रही है और गांव की बुनियादी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार जिम्मेदार अधिकारियों से समस्या के समाधान की मांग की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी से नाराज होकर ग्रामीणों को सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करना पड़ा।
पुलिस ने समझाकर खुलवाया जाम
जाम की सूचना मिलने के बाद हरपालपुर प्रभारी निरीक्षक संदीप शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। पुलिस के समझाने और आश्वासन के बाद करीब दो घंटे बाद ग्रामीणों ने जाम हटा दिया।
जाम खुलने के बाद सांडी-श्रीमऊ मार्ग पर यातायात दोबारा सुचारु हो सका। हालांकि, ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि प्राथमिक विद्यालय के रास्ते की समस्या का जल्द समाधान नहीं कराया गया और ग्राम पंचायत में हुए विकास कार्यों की जांच नहीं हुई तो वे दोबारा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।






