हाथरस में कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से होगी पुष्पवर्षा, रविवार को भव्य स्वागत

जिला संवाददाता – शम्भूनाथ पुरोहित
जन एक्सप्रेस / हाथरस: हाथरस में पवित्र कांवड़ यात्रा के भव्य स्वागत की तैयारियां तेज हो गई हैं। रविवार को शिवभक्त कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया जाएगा। आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। पुष्पवर्षा के लिए हेलीकॉप्टर के पुलिस लाइन, हाथरस में लैंड करने की जानकारी दी गई है।
बताया गया है कि इस विशेष आयोजन को श्रवण गंगा सेवा समिति के सचिव सूर्य प्रताप सिंह ‘सूरज भैया’ की ओर से कराया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप कांवड़ियों का भव्य स्वागत करना है।
मनकामेश्वर नाथ मंदिर के महंत रहेंगे मौजूद
कांवड़ियों के स्वागत कार्यक्रम में आगरा के मनकामेश्वर नाथ मंदिर के महंत श्री मनकामेश्वर नाथ जी की गरिमामयी उपस्थिति भी रहेगी। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रा से जुड़े लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है।
हाथरस में कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों के स्वागत के लिए प्रशासन और विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से लगातार तैयारियां की जा रही हैं। हेलीकॉप्टर से होने वाली पुष्पवर्षा को आयोजन का प्रमुख आकर्षण माना जा रहा है।
रविवार को होने वाले इस कार्यक्रम के दौरान कांवड़ियों पर आसमान से फूल बरसाए जाएंगे। आयोजन से जुड़े लोगों का कहना है कि कांवड़ियों का सम्मान और स्वागत भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपरा के अनुरूप किया जाएगा।






