उत्तराखंडदेहरादून

उत्तराखंड भाजपा को फिर मिली महेंद्र भट्ट की कमान , लगातार दूसरी बार प्रदेश अध्यक्ष बनने का रिकार्ड

पार्टी के दिग्गजों ने किया समर्थन, सीएम धामी समेत कई नेताओं ने किया प्रस्ताव

जन एक्सप्रेस देहरादून। उत्तराखंड भाजपा में एक ऐतिहासिक पल सामने आया है। महेंद्र भट्ट को एक बार फिर प्रदेश भाजपा की कमान सौंपी गई है। मंगलवार को प्रांतीय परिषद की बैठक में केंद्रीय चुनाव अधिकारी हर्ष मल्होत्रा ने भट्ट को उत्तराखंड भाजपा का लगातार दूसरी बार प्रदेश अध्यक्ष बनने की औपचारिक घोषणा की। इसके साथ ही भट्ट राज्य भाजपा के पहले ऐसे अध्यक्ष बन गए हैं जिन्हें लगातार दो बार यह जिम्मेदारी मिली है। भट्ट को भाजपा का 10वां प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। इस अवसर पर पार्टी के दिग्गज नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री समेत वरिष्ठ नेताओं ने किया समर्थन
प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए एकमात्र नामांकन महेंद्र भट्ट का ही हुआ। उनके नामांकन पत्र पर कुल 10 प्रस्तावकों के हस्ताक्षर थे। सभी सेटों के मुख्य प्रस्तावक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत, सांसद अनिल बलूनी, अजय भट्ट, और केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा रहे।अन्य प्रमुख प्रस्तावकों में डॉ. निशंक, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कल्पना सैनी, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, और सुबोध उनियाल प्रमुख रहे।

राष्ट्रीय परिषद के लिए चुने गए ये नेता:
प्रदेश भाजपा की राष्ट्रीय परिषद में इस बार जिन वरिष्ठ नेताओं को चुना गया है, उनमें शामिल हैं

डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’

त्रिवेंद्र सिंह रावत

तीरथ सिंह रावत

अजय भट्ट

अजय टम्टा

डॉ. धन सिंह रावत

माला राज्यलक्ष्मी शाह

कल्पना सैनी

भट्ट के नेतृत्व में मिली चुनावी जीतें
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर कहा, “महेंद्र भट्ट के अध्यक्ष बनने के बाद भाजपा को सभी चुनावों में जीत मिली है। संगठन का विस्तार हुआ है। उन्होंने कार्यकर्ता से प्रदेश अध्यक्ष तक की यात्रा में संगठन को मजबूत किया है।”

भाजपा का संगठन पर्व: चुनाव से नेतृत्व तक
गढ़वाल सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी ने कहा, “भाजपा देश की अकेली पार्टी है जहां कार्यकर्ता से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक सबका चुनाव होता है। यह भाजपा की ताकत है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button