
जन एक्सप्रेस/ उत्तरकाशी: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मानव उत्थान सेवा समिति की मोरी-त्यूनी शाखा द्वारा भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 7 बजे शुरू हुए इस शिविर में समिति के कार्यकर्ताओं, श्रद्धालुओं और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग और प्राणायाम का अभ्यास किया।
योग शिविर में जिला प्रधान डॉ. सोवेन्द्र सिंह ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और शारीरिक व्यायाम की विधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने स्वयं मंच से योग की विभिन्न मुद्राओं का प्रदर्शन करते हुए नियमित योगाभ्यास के शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी दी।
डॉ. सोवेन्द्र सिंह ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मन, शरीर और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने का विज्ञान है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन कुछ समय योग और प्राणायाम के लिए निकाले, तो वह अनेक शारीरिक बीमारियों और मानसिक तनाव से बच सकता है।
उन्होंने बताया कि सतगुरु देव सतपाल महाराज की प्रेरणा से मानव उत्थान सेवा समिति समाज में स्वास्थ्य, आध्यात्मिक जागरूकता और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। समिति का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को स्वस्थ, जागरूक और आध्यात्मिक रूप से समृद्ध बनाना है।
योग शिविर के सफल आयोजन में शाखा प्रधान गुगमल राम, जोबन आर्य, प्रदीप कुमार, नीरज, सावित्री देवी, सीता, साबू, मथुरा, मोनी सहित समिति के अनेक कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के श्रद्धालुओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।






