पुलिस मुठभेड़ में तीन बदमाश गिरफ्तार, एक बदमाश को लगी गोली

जन एक्सप्रेस /प्रतापगढ़:जिले की रानीगंज थाने की पुलिस और कार सवार लूटेरों के बीच हुई मुठभेड़ में एक अभियुक्त के पैर में लगी गोली जबकि दो अभियुक्तों को पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया। पुलिस द्वारा तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही पुलिस तीनों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है।बता दें कि थाना इलाके के चंदी गोविंदपुर के सरकारी स्कूल में 22 नवम्बर को देर रात चोरी हो गई थी। चोर विद्यालय से मिड-डे मील का राशन, बच्चों के खेल का सामान, बर्तन व सरकारी अभिलेख चुरा ले गए थे। जिसके बाद तहरीर के आधार पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर चोरों की सरगर्मी से तलाश कर रही थी। उसी क्रम में थाना प्रभारी रानीगंज प्रभात कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर थाना इलाके के बुढ़ौरा कुम्भापुर के पास चेकिंग कर रहे थे तभी बैगनार कार सवार लोगों को रुकने का इशारा किया। इस दौरान कार सवार अभियुक्तों द्वारा पुलिस टीम पर फायरिंग की गयी। पुलिस टीम द्वारा जबाबी फायरिंग में हुई मुठभेड़ में प्रयागराज जिले के फूलपुर थाना इलाके के हरवंशपुर गांव निवासी एक शातिर अभियुक्त मिथलेश केसरवानी घायल हो गया जबकि थाना इलाके के जमताली गांव के रहने वाले दो अभियुक्तों लवकुश यादव व पवन यादव को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। वहीं मौके का फायदा उठाते हुए एक बदमाश जदरथ उर्फ जय प्रकाश फरार हो गया। घायल अभियुक्त मिथलेश केसरवानी को पुलिस ने ईलाज हेतु जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने मिथलेश केसरवानी के कब्जे से एक तमन्चा, एक खोखा कारतूस, एक जिन्दा कारतूस व चन्दीगोविन्दपुर विद्यालय से चोरी का सामान व घटना में प्रयुक्त बैगनार गाड़ी बरामद किया है। गिरफ्तार अभियुक्त मिथिलेश केशरवानी के विरुद्ध प्रयागराज जिले के फूलपुर थाने में भी मुकदमा दर्ज है व लवकुश के खिलाफ भी रानीगंज थाने पर एक मुकदमा दर्ज है। इसके साथ ही पुलिस गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों का भी आपराधिक इतिहास खंगाल रही है। सीओ रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी ने बताया कि पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हुआ है जिसका इलाज चल रहा है जबकि दो बदमाशों को पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया। एक आरोपी मौके से फरार हो गया जिसकी शीघ्र ही गिरफ्तारी कर ली जायेगी। गिरफ्तार अभियुक्त थाना क्षेत्र के अलावां आसपास के इलाकों में बन्द पड़े सरकारी भवनों में चोरी करते थे। बीते दिनों रानीगंज थाना इलाके के सरकारी स्कूल में चोरी में ये शामिल थे। अभियुक्तों को गिरफ्तार कर अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।






