हरदोई में गंगा जल भरने गए दो कांवड़ यात्री गंगा में लापता, एसडीआरएफ का रेस्क्यू अभियान जारी

जन एक्सप्रेस /हरदोई :- श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान सोमवार सुबह हरदोई जिले के अरवल थाना क्षेत्र स्थित कुसुमखोर गंगा घाट पर एक दुखद घटना सामने आई। गंगा जल भरने गए दो कांवड़ यात्री गहरे पानी में चले गए, जिसके बाद वे लापता हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों ने मौके पर पहुंचकर संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत चौसार निवासी ऋषि पुत्र छदामी और नारद पुत्र गोविंद सोमवार तड़के करीब चार बजे कन्नौज स्थित गौरीशंकर मंदिर में जलाभिषेक के लिए गंगाजल भरने कुसुमखोर गंगा घाट पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों युवक गहराई का अंदाजा नहीं लगा सके और नदी के तेज बहाव में चले गए।
साथ मौजूद युवक शिवम ने दोनों को बचाने के लिए गंगा में छलांग लगाई, लेकिन तब तक दोनों युवक पानी के बहाव में दूर निकल चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण, स्थानीय गोताखोर और अरवल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद एसडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया और संयुक्त रूप से सघन खोज एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
समाचार लिखे जाने तक अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), उप जिलाधिकारी सवायजपुर अंकित तिवारी, नायब तहसीलदार राजेश पटेल, खंड विकास अधिकारी सांडी डॉ. अस्मिता सेन, थानाध्यक्ष अरवल अनिल कुमार सिंह तथा अग्निशमन अधिकारी गौतम चौहान मौके पर मौजूद रहे और रेस्क्यू अभियान की निगरानी करते रहे।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, गंगा घाट पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही। समाचार लिखे जाने तक दोनों युवकों की तलाश जारी थी।
रिपोर्ट :- बीजी मिश्र






