सम्पूर्ण समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, 129 शिकायतें दर्ज
डीएम ने मौके पर सुनी समस्याएं, लापरवाही पर अधिकारियों को लगाई फटकार

जन एक्सप्रेस /जौनपुर:जौनपुर तहसील मछलीशहर के सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी डा0 दिनेश चन्द्र की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जनसमस्याओं को गम्भीरतापूर्वक सुनते हुए जिलाधिकारी ने मौके पर ही 04 शिकायतों का निस्तारण कराया, जबकि शेष प्रकरणों को सम्बन्धित अधिकारियों को अग्रसारित करते हुए गुणवत्तापूर्ण व ससमय निस्तारण के निर्देश दिए।समाधान दिवस के दौरान कुल 129 शिकायतें प्राप्त हुईं। ग्राम घिसुआं की दुलारी देवी ने प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके पति जीवित हैं, लेकिन गांव में एक ही नाम के दो व्यक्तियों के कारण उन्हें मृतक दर्शाकर वरासत दूसरे के नाम कर दी गई है। इस पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार को तत्काल जांच कर त्रुटि सुधारने के निर्देश दिए।ग्राम गडवादोदक निवासी फातमा बेगम द्वारा नया राशन कार्ड बनवाने के अनुरोध पर जिलाधिकारी ने पूर्ति निरीक्षक को पात्रता की जांच कर राशन कार्ड निर्गत कराने का निर्देश दिया। वहीं चकघसीटा निवासी त्रिभुवन ने तालाब खाते की भूमि से अतिक्रमण न हटने की शिकायत की, जिस पर उपजिलाधिकारी को शीघ्र कार्यवाही के निर्देश दिए गए।घिसुआं निवासी रेखा द्वारा वरासत दर्ज न किए जाने की शिकायत पर राजस्व निरीक्षक एवं लेखपाल को तत्काल वरासत दर्ज करने के निर्देश दिए गए।सम्पूर्ण समाधान दिवस के उपरान्त जिलाधिकारी ने तहसील परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों एवं पटलों का निरीक्षण किया। उपजिलाधिकारी न्यायालय में लम्बित पुरानी पत्रावलियों का अवलोकन कर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। दाखिल दफ्तर, संग्रह कार्यालय एवं रिकार्ड रूम में लंबित पत्रावलियों, ऑनलाइन आरसी, स्टाम्प रजिस्टर, म्यूटेशन, दाखिल-खारिज, खसरा-खतौनी सहित अभिलेखों की गहन समीक्षा की गई।इस दौरान अधिवक्ता संघ मछलीशहर के अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों ने तहसील परिसर में शौचालय निर्माण एवं साफ-सफाई की मांग रखी। जिलाधिकारी ने ईओ को नियमित सफाई सुनिश्चित कराने, पिंक शौचालय को क्रियाशील कराने एवं नए शौचालय के निर्माण हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।समाधान दिवस में वृद्ध फरियादी विद्यावती द्वारा पेंशन हेतु आवेदन किया गया, जिस पर जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारी को पात्रता जांच कर त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए। साथ ही अन्य वृद्धजनों को कंबल भी वितरित किए गए।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी मछलीशहर सौरभ कुमार, तहसीलदार, क्षेत्राधिकारी प्रतिमा वर्मा, उप निदेशक कृषि, डीडीओ, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा0 ओ0पी0 श्रीवास्तव सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।






