CrimeCyber FraudUP Breaking NewsUP POLICEUPPOLICEउत्तर प्रदेशकौशांबीराज्य खबरें

कौशांबी में पैसा दोगुना करने का झांसा देकर ठगी करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस /कौशांबी :- उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में साइबर क्राइम थाना और मंझनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने ऑनलाइन ठगी करने वाले एक सक्रिय साइबर फ्रॉड गैंग का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया के जरिए लोगों को पैसा दोगुना करने का लालच देकर साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम देते थे।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निखिल सिंह, आदित्य कुमार और आयुष यादव के रूप में की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कौशांबी और फतेहपुर जनपद के रहने वाले हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के माध्यम से लोगों से संपर्क करते थे और कम समय में पैसा दोगुना करने का झांसा देकर उन्हें अपने जाल में फंसाते थे। इसके बाद फर्जी बैंक खातों में रकम मंगवाकर साइबर ठगी को अंजाम दिया जाता था।

शिकायत मिलने के बाद साइबर क्राइम थाना और मंझनपुर पुलिस आरोपियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए थी। साक्ष्यों के आधार पर संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, फर्जी आधार कार्ड, दिल्ली पुलिस के फर्जी पहचान पत्र (आई-कार्ड) और नकदी बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि गैंग ने अब तक कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

रिपोर्टर  :-  आकाश मिश्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button