पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 19 वीं किस्त 24 फरवरी 2025 को होगी जारी
2,54,852 किसान होंगे लाभान्वित

जन एक्सप्रेस/अमेठी: उप कृषि निदेशक सत्येंद्र कुमार ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 19वीं किस्त 24 फरवरी 2025 को भागलपुर, बिहार में आयोजित किसान सम्मान समारोह में मा. प्रधानमंत्री जी द्वारा जारी की जाएगी। इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिनांक 24 फरवरी 2025 को अपराह्न 02:15 बजे से 03:30 बजे तक वर्चुअल माध्यम से http://pmindianwebcast.nic.in लिंक पर देखा जा सकेगा।
जनपद अमेठी में किसानों के लिए प्रसारण की व्यवस्था प्रत्येक विकासखंड कार्यालय, राजकीय कृषि बीज भंडार और ग्राम पंचायतों पर की गई है। वहीं जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन कृषि विज्ञान केंद्र, कठौरा, जगदीशपुर में उच्च स्तरीय निर्देशानुसार कृषि विभाग एवं कृषि विज्ञान केंद्र के सहयोग से किया जाएगा, जिसमें माननीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता भी सुनिश्चित कराई जाएगी।
उप कृषि निदेशक ने जनपद के समस्त किसान भाइयों से अपील की है कि वे इस कार्यक्रम से वर्चुअल रूप से जुड़कर लाभान्वित हों। उन्होंने बताया कि अमेठी जनपद के 2,54,852 किसानों का डाटा इस बार किस्त प्राप्ति हेतु लॉक किया गया है।
किसान भाई समय पर लिंक से जुड़ें और योजना का लाभ उठाएं!






