पहलगाम हमले पर बोले भाजपा विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी, कहा- भारत के मुस्लिमों को पाकिस्तान से जोड़ना गलत

जन एक्सप्रेस/प्रयागराज : इलाहाबाद नॉर्थ से भाजपा विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर है। जब विधायक वाजपेयी से पूछा गया कि क्या इस हमले में कश्मीरियों का भी हाथ हो सकता है, तो उन्होंने एक ऐसा जवाब दिया जिसने हर किसी का दिल छू लिया।
भाजपा विधायक ने बयान देते हुए कहा कि भारत के मुस्लिमों की तुलना पाकिस्तान के मुस्लिमों से करना पूरी तरह से गलत है। उन्होंने पहलगाम हमले के बाद कश्मीरी छात्रों पर हो रहे हमलों को “शर्मनाक” बताया और कहा कि हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि एक कश्मीरी घोड़ा वाले ने हमले के दौरान कई पर्यटकों की जान बचाई थी। भाजपा विधायक का यह बयान सोशल मीडिया में वायरल हैं और लोग भाजपा विधायक की तारीफ कर रहे हैं।
वाजपेयी ने आगे कहा कि हाल ही में कश्मीर में हुए चुनावों में जिस तरह से उच्च मतदान दर्ज हुआ है, वह इस बात का प्रमाण है कि कश्मीरी खुद को भारत का हिस्सा मानते हैं। उन्होंने चेताया कि अगर किसी की रोजी-रोटी पर हमला किया जाएगा तो कोई भी मां-बाप उसे माफ नहीं करेंगे। कश्मीर के पर्यटन पर हमला करके कश्मीरी घरों के चूल्हे तक को खतरे में डाल दिया गया है, और कश्मीरी इस साजिश को कभी नहीं भूलेंगे।
“खच्चर वाले मुसलमान का भी ध्यान रखिए”
भाजपा विधायक ने हमले की संवेदनशीलता पर बोलते हुए कहा कि भले ही हिंदू समुदाय में इस घटना को लेकर गहरी पीड़ा है, लेकिन हमें उस मुस्लिम खच्चर वाले को भी नहीं भूलना चाहिए जिसने निहत्थे होकर आतंकियों से राइफल छीनने की कोशिश की और शहीद हो गया। उन्होंने कहा कि हमें उन कश्मीरियों के बारे में भी सोचना चाहिए जो मुसलमान हैं और आज श्रीनगर के डाउन टाउन इलाकों में शटर डाउन और हड़ताल कर आतंकवाद के खिलाफ आवाज़ उठा रहे हैं।
पहलगाम हमला: 26 लोगों की मौत
बता दे कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोग मारे गए थे, जिनमें अधिकांश हिंदू पर्यटक थे। इस हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े एक गुट ने ली थी। घटना के बाद सोशल मीडिया पर सांप्रदायिक तनाव बढ़ गया था।
भाजपा विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी ने अपने वीडियो संदेश के जरिए हिंदू और मुस्लिम समुदाय से एकजुट रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हमें पाकिस्तान की उस साजिश को नाकाम करना है जो भारत के भीतर नफरत और विभाजन फैलाना चाहता है।






