अमेठीउत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़

शादी की खुशियां मातम में बदलीं, सड़क हादसे में चार की मौत, दस घायल

जन एक्सप्रेस अमेठी (अंकित त्रिवेदी):अमेठी जनपद के मोहनगंज थाना क्षेत्र स्थित लंगड़ा का पुरवा गांव में सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। यह दर्दनाक हादसा उस वक्त हुआ जब सिंदुरवा गांव से आई बारात में खुशियां चरम पर थीं। शादी समारोह के बीच हुई दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई और दस अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।जानकारी के अनुसार, सिंदुरवा निवासी पवन कुमार वर्मा की बारात लंगड़ा का पुरवा आई थी। बारात डीजे की धुनों और आतिशबाजी के साथ द्वारचार के लिए आगे बढ़ रही थी। तभी एक तेज रफ्तार वाहन, डीजे पर नाचते लोगों को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी बोलेरो से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गाड़ियां पलट गईं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद चारों ओर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इस हादसे में भवानी प्रसाद गुप्ता (50), राम सजीवन वर्मा और जगजीवन लोधी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सानू नामक युवक, जो आतिशबाजी में शामिल था, इलाज के दौरान जिंदगी की जंग हार गया।

दुर्घटना ने सिंदुरवा गांव की खुशियों को गहरे शोक में बदल दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में हर तरफ सन्नाटा पसरा है।

घायलों का इलाज तिलोई के रेफरल अस्पताल में चल रहा है। थाना प्रभारी राकेश सिंह ने बताया कि शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button