
जन एक्सप्रेस/देहरादून(उत्तराखण्ड) : देहरादून के राजपुर क्षेत्र में जमीन के नाम पर करोड़ों की ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। खुद को उत्तराखंड शासन का अधिकारी बताकर एक ठग ने अपने साथी के साथ मिलकर एक करोड़ रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दिया। ठगों ने पीड़ित से फर्जी अनुबंध कर मोटी रकम हड़प ली और अब जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
जीएमएस रोड निवासी चंद्रशेखर लटवाल ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी है। लटवाल देहरादून में भूमि खरीदना चाहते थे, इसी दौरान उनकी मुलाकात प्रॉपर्टी डीलर विरेंद्र सिंह से हुई। विरेंद्र ने उन्हें दीपक शर्मा नामक व्यक्ति से मिलवाया, जिसने खुद को उत्तराखंड शासन का अधिकारी बताया और कहा कि उसके पास उपयुक्त जमीन है। इसके बाद दीपक ने राकेश मिश्रा नाम के व्यक्ति से मुलाकात कराई, जिसे उसने अपना सहयोगी बताया।
फर्जी अनुबंध और रकम हड़पने की साजिश :
दीपक शर्मा और राकेश मिश्रा ने 21 नवंबर 2023 को चालंग, परगना परवादून स्थित एक जमीन का अनुबंध पीड़ित से किया और बदले में एक करोड़ रुपये ले लिए। अनुबंध के अनुसार, छह माह बाद विक्रय पत्र संपादित होना था, लेकिन बाद में दोनों ने एक माह का और समय मांगा। जांच में सामने आया कि जिस जमीन का सौदा किया गया वह जमीन उनकी थी ही नहीं।
अब धमकी देकर दबाव :
जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दीपक शर्मा और राकेश मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी की धाराओं में केस दर्ज किया गया है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। मामला हाई प्रोफाइल होने के कारण जांच गहराई से की जा रही है।






