
जन एक्सप्रेस/हल्द्वानी(उत्तराखण्ड) : उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर में चोरी की एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। कांग्रेस नेता के घर में आधी रात को चोरों ने धावा बोला और महंगी घड़ी व नकदी लेकर फरार हो गए। चौंकाने वाली बात यह रही कि घटना के वक्त नेता जी मोबाइल में व्यस्त थे और बाद में गहरी नींद में सो गए। इसी दौरान चोरों ने घर में सेंध लगाकर सामान पार कर दिया।
कांग्रेस के जिला सचिव प्रदीप सिंह बिष्ट पॉलीशीट क्षेत्र में रहते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात वह घर पर अकेले थे, क्योंकि उनका परिवार रानीखेत स्थित ससुराल गया हुआ था। रात को वह मोबाइल पर वीडियो एडिटिंग कर रहे थे और फिर स्क्रीन देखते-देखते ही उन्हें नींद आ गई।
दरवाजा और गेट खुले छोड़ दिए :
नींद में जाने से पहले प्रदीप बिष्ट दरवाजा और गेट बंद करना भूल गए, जिसका फायदा शातिर चोरों ने उठा लिया। रात करीब 12 से 1 बजे के बीच चोर उनके घर में घुसे और बाहर के कमरे में बेड पर रखी कीमती घड़ी और करीब 1200 रुपये नकद लेकर फरार हो गए। नेताजी को इस चोरी की भनक तक नहीं लगी।
पुलिस जांच में जुटी :
रात करीब डेढ़ बजे जब उनकी नींद खुली, तो दरवाजा खुला मिला और सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। तुरंत उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची काठगोदाम पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है।
एसओ पंकज जोशी ने बताया कि चोरी की घटना की तहरीर मिल गई है और जांच की जा रही है। पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है।






