यूपी में लोमड़ी और सियार के हमले को सरकार ने माना राज्य आपदा, मुआवजे का ऐलान

जन एक्सप्रेस लखनऊ (ब्यूरो): उत्तर प्रदेश में जंगली जानवरों के हमलों को लेकर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई हुई है। हाल ही में राज्य के कुछ इलाकों में लोमड़ी और सियार के हमलों में लोगों की जान जाने की घटनाओं के बाद, राज्य सरकार ने इसे राज्य आपदा घोषित कर दिया है। अब इस तरह की घटनाओं में होने वाली जनहानि को आपदा राहत श्रेणी में शामिल किया गया है।
सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार, लोमड़ी या सियार के हमले में मृतकों के परिजनों को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह मुआवजा आपदा प्रबंधन राहत कोष से प्रदान किया जाएगा। सरकार ने जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे इस तरह की घटनाओं की तत्काल रिपोर्ट तैयार कर राहत कार्य शुरू करें।
इस निर्णय से ग्रामीण और वनक्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। विशेषज्ञों के अनुसार, मानव-वन्यजीव संघर्ष बढ़ता जा रहा है और ऐसे हमले अब केवल दुर्लभ घटनाएं नहीं रह गई हैं। राज्य सरकार के इस फैसले को लोगों की सुरक्षा और त्वरित मुआवजे की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।






