विकास प्रशिक्षण हेतु ब्लॉक प्रमुख का चयन, क्षेत्र में खुशी की लहर
आईआईटी कानपुर में होगा प्रशिक्षण, प्रदेश भर से 50 प्रतिनिधि होंगे शामिल

जन एक्सप्रेस/पनियरा: राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान योजनांतर्गत वर्ष 2025-26 के लिए आयोजित नेतृत्व एवं प्रबंधन विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम हेतु पनियरा के ब्लाक प्रमुख वेद प्रकाश शुक्ला का चयन हुआ है। यह प्रशिक्षण 26 अगस्त से 30 अगस्त तक आईआईटी कानपुर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेश भर से चुने गए 50 प्रतिनिधि भाग लेंगे।
इस प्रशिक्षण के पहले बैच में 12 जिला पंचायत अध्यक्ष, 15 अपर मुख्य अधिकारी (जिला पंचायत), 4 कार्य अधिकारी, 13 ब्लॉक प्रमुख, 5 खंड विकास अधिकारी और 1 जिला कार्यक्रम प्रबंधक शामिल किए गए हैं। विशेष गौर करने वाली बात यह है कि महराजगंज जिले से मात्र पनियरा के ब्लॉक प्रमुख वेद प्रकाश शुक्ला को ही अवसर मिला है। यह उपलब्धि न सिर्फ पनियरा ब्लॉक, बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व की बात मानी जा रही है।
विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों और अधिकारियों की नेतृत्व क्षमता, कार्यकुशलता और प्रबंधन कौशल को और अधिक सशक्त बनाना है। विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह का प्रशिक्षण उन्हें आधुनिक तकनीक, प्रबंधन प्रणाली और नीतिगत योजनाओं की गहन जानकारी देगा, जिससे वे अपने क्षेत्र के विकास कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित कर सकेंगे। जन एक्सप्रेस संवाददाता को महराजगंज जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा ने बताया कि पनियरा खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया है कि ब्लॉक प्रमुख वेद प्रकाश शुक्ला की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि जिले का प्रतिनिधित्व इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में मजबूती से हो सके।
वही ब्लॉक प्रमुख वेद प्रकाश शुक्ला यह मेरे लिए गर्व और जिम्मेदारी दोनों का विषय है। यह प्रशिक्षण मेरी व्यक्तिगत क्षमताओं को निखारेगा और पनियरा के विकास कार्यों को और भी मजबूती प्रदान करेगा। मेरा प्रयास रहेगा कि प्रशिक्षण से जो ज्ञान और अनुभव मिलेगा, उसका लाभ सीधे क्षेत्र की जनता को मिले।
चार वर्षों में बदली पनियरा की तस्वीर:
बीते चार वर्षों में उनके नेतृत्व में पनियरा ब्लॉक का कायाकल्प हुआ है। ब्लॉक परिसर को हाईटेक बनाकर उन्होंने डिजिटल सुविधा, स्वच्छता और पारदर्शिता पर जोर दिया है। उनके कार्यकाल में ग्रामीण सड़कों का सुदृढ़ीकरण, पेयजल योजनाओं का क्रियान्वयन, महिला स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार जैसे अनेक उल्लेखनीय कार्य हुए हैं।
ब्लॉक प्रमुख के चयन पर लोगों में खुशी की लहर:
ब्लॉक प्रमुख के चयन की खबर मिलते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। प्रधान संघ ब्लॉक अध्यक्ष सतीश सिंह, पूर्व प्रधान राम लखन सिंह, प्रधान अमरजीत यादव, प्रधान अनिल यादव, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि गणेश प्रजापति, पूर्व प्रधान राजेश पाल, प्रधान डी.एन. गुप्ता, अखिलेश जायसवाल, सुनील चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उन्हें बधाई देते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं।






