
जन एक्सप्रेस/उत्तरकाशी: उत्तराखंड के मोरी तहसील क्षेत्र में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। ग्राम भकंवाड़ में टोंस नदी पार करते समय 15 वर्षीय सबीना नदी की तेज धारा में बह गई। सबीना, यासीन की पुत्री थी और अपनी मौसी मेमना के साथ ट्रॉली के जरिए नदी पार कर रही थी। इसी दौरान अचानक ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया और सबीना नीचे गिर पड़ी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और किशोरी की तलाश शुरू कर दी। हालांकि नदी का तेज बहाव रेस्क्यू अभियान में बड़ी चुनौती बना हुआ है। स्थानीय ग्रामीण भी तलाश अभियान में शामिल हैं। गांव में इस हादसे के बाद मातम और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से वे टोंस नदी पर पुल निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। ट्रॉली के सहारे नदी पार करने की मजबूरी लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही स्थायी पुल का निर्माण नहीं हुआ, तो वे आंदोलन करेंगे।
विशेषज्ञ भी मानते हैं कि सीमांत और दुर्गम इलाकों में सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए ट्रॉली से नदी पार करना बेहद खतरनाक है। फिलहाल एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें सबीना की तलाश में जुटी हैं, लेकिन पूरा गांव गम और चिंता में डूबा हुआ है।






