हंसिया गांव में महिला शक्ति मिशन पर जागरूकता कार्यक्रम

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर बरसठी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर प्रदेशभर में चल रहे महिला शक्ति मिशन अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को बरसठी थाना क्षेत्र के हंसिया गांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने गांव की सैकड़ों महिलाओं व छात्राओं को संबोधित करते हुए महिला उत्पीड़न रोकने से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने महिला हेल्पलाइन 1090, 181, चाइल्ड लाइन 1098, पुलिस आपातकालीन नंबर 112 व एम्बुलेंस सेवा 108 सहित अन्य हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर महिलाओं को जागरूक किया।
थाना प्रभारी ने कहा कि आज की महिलाएं किसी भी स्थिति में कमजोर नहीं हैं, उन्हें अपने अधिकारों की जानकारी होनी चाहिए। रास्ते में छेड़खानी या किसी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत पुलिस की मदद लेने की सलाह दी। उन्होंने स्कूली व कॉलेज जाने वाली बच्चियों से कहा कि बेझिझक अपनी समस्या पुलिस तक पहुंचाएं, उन्हें तत्काल मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान राजेंद्र प्रसाद बिंद सहित गांव की सैकड़ों महिलाएं व बच्चियां उपस्थित रहीं। सभी ने एक स्वर से कहा कि ऐसे कार्यक्रम से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है और समाज में महिला सशक्तिकरण की दिशा में सकारात्मक संदेश जाता है।






