रोडवेज बस को सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर, एक मुसाफिर की मौत, जबकि सोलह हुये जख्मी
हादसे में बस ड्राइवर सुबेक सिंह की हालत नाजुक, बेहतर इलाज के लिये हुये कानपुर रैफर

जन एक्स्प्रेस/हमीरपुर: मध्यप्रदेश के नौगांव से चल कर लखनऊ जा रही हमीरपुर डिपो की रोडवेज बस नम्बर यूपी 78- जे० एन० -7154 उजनेड़ी गाँव के पास उस वख्त हादसे का शिकार हो गई, जब सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस को सीधी टक्कर मार दी। जिसमें बस का अगला हिस्सा बुरी तरह चकनाचूर हो गया।

हादसे में महोबा चरखारी के हाथीखाना निवासी 55 वर्षीय मुसाफिर मुन्ना बसोर, जो हमीरपुर जिला अस्पताल में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात था, और अपनी ड्यूटी पर आ रहा था, उसकी दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बस में बैठे करीब 16 मुसाफ़िर जख्मी हो गये। वही बस के केबिन में फंसे ड्राइवर सुबेक सिंह को बड़ी जद्दोजहद के बाद पुलिस और गांव वालों की मदद से निकाल कर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि उनकी नाजुक हालत को देखते हुये डाक्टरों ने उन्हें कानपुर रेफर कर दिया है। हादसे के बाद मुसाफिरों की चीख पुकार सुनकर गाँव के लोग मदद के लिये बस में पहुंचे और हादसे की जानकारी ललपुरा पुलिस को फोन पर दी। जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर गांव वालों की मदद से बस के अन्दर से जख्मी मुसाफिरों को बाहर निकाल कर एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में एडमिट करवाया गया है। वही पुलिस ने बताया कि हादसे में एक मुसाफिर की मौत हो गई है, जबकि करीब 14 लोग जख्मी हो गये हैं। जिनमें से तीन की हालत नाजुक बताई गई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिये डाक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया है।






